गंगा नदी के जलस्तर से दियारा क्षेत्र के पांच पंचायत दादूपुर, बिशनपुर, चमथा एक, दो और तीन के बाढ़ पीड़ित विकट परिस्थिति में जीवन जीने को मजबूर हैं और उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इसी दौरान, स्मृति शेष दिवंगत विधायक रामदेव राय सामाजिक उत्थान सेवा संस्थान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री वितरण अभियान शुरू किया है और यह अभियान इन सभी पांचों पंचायतों में चलाया जाएगा।
बछवाड़ा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवप्रकाश गरीबदास ने कहा कि बाढ़ सिर्फ पानी की आपदा नहीं है। यह हजारों परिवारों की रोजी-रोटी और भविष्य पर आई एक बड़ी मुसीबत है। ऐसे समय में एक-दूसरे के साथ खड़ा रहना हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने बताया कि उनके पूजनीय पिताजी और दिवंगत विधायक रामदेव राय ने अपना जीवन गरीबों किसानों, मजदूरों और आम लोगों की सेवा में समर्पित किया था। उन्हीं की प्रेरणा से इस मुश्किल घड़ी में जरूरतमंदों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके पूजनीय पिताजी कहा करते थे कि सेवा से बड़ा कोई काम नहीं है और संकट में फंसे लोगों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है।
गरीबदास ने कहा कि जनसेवा राजनीति का जरिया नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार और परम कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस आपदा के समय जात-पात और धर्म को पीछे छोड़कर मानवता की मिसाल पेश करें और एक-दूसरे की मदद करें।
इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुमार रोहित यादव, युवा उद्यमी सन्नी यादव, कांग्रेस सेवादल के हरिशंकर प्रसाद, पुनीत कुमार, भगवान दास, रूपक कुमार, राजेश कुमार, शंकर राय, सुरेश पासवान, कृष्ण प्रकाश, आशुतोष कुमार, परीक्षण महतो, दयाशंकर राय, मोहन राय, विकास कुमार, सूरज राय, सुनील रजक, महेश्वर राय, अशोक यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।