जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मॉडल प्रेरणा कैंटीन का किया उद्घाटन
हरदोई। जिलाधिकारी श्री अनुनय झा एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने मंगलवार को विकास भवन परिसर में संचालित मॉडल प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन किया।
मॉडल प्रेरणा कैंटीन की स्थापना उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत की गई है। इसके संचालन के लिए मिशन द्वारा 2 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। कैंटीन का संचालन महिला विकास स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत आसी के माध्यम से किया जा रहा है। कैंटीन के संचालन हेतु विकासखंड टोडरपुर की 10 सदस्यीय स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया है।
मॉडल प्रेरणा कैंटीन के माध्यम से समूह की महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि की संभावना है। कैंटीन की सेवाएं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जोमैटो आदि पर भी उपलब्ध रहेंगी।
इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, उपायुक्त स्वतः रोजगार निशांत राय, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।