*कांटी गांव में प्रेम संबंध को लेकर मचा बवाल, युवती पहुंची युवक के घर*
*112 पुलिस ने युवक को थाने पहुंचाकर कराई सुरक्षा, लड़की के परिजनों पर तोड़फोड़ का आरोप*
*घूरपुर।* थाना घूरपुर क्षेत्र अंतर्गत गौहनिया चौकी के कांटी गांव में मंगलवार दोपहर प्रेम संबंध के चलते जमकर बवाल मच गया। युवती जबरन युवक के घर पहुंच गई और वहीं रहने की जिद करने लगी। युवक के माता-पिता के विरोध पर हंगामा और बढ़ गया। देखते ही देखते युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए और युवक के घर की खिड़की-दरवाजे तोड़ने लगे। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने युवक को सुरक्षित घूरपुर थाने पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच पहले से प्रेम संबंध था। इसी मामले में युवक एक बार लड़की के परिजनों की शिकायत पर जेल भी जा चुका है। जेल से रिहा होकर वह अपने घर रहने लगा था।
मंगलवार दोपहर युवती अचानक युवक के घर पहुंच गई और तांडव करने लगी। युवक के माता-पिता ने विरोध किया तो युवती बोलने लगी कि मैं इसी के साथ रहूंगी। युवक के माता-पिता ने अपने घर और लड़के की सुरक्षा के लिए 112 पुलिस को बुलाया।
इसी बीच लड़की के घरवाले भी आ गए और युवक के घर में लगे खिड़की-दरवाजे तोड़ने लगे। कुछ ही देर में 112 पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लड़के और लड़की को गाड़ी में बैठने को कहा। इसी दौरान लड़की के घरवाले लड़की को पकड़कर टांगकर सड़क के उस पार ले गए।
112 पुलिस ने घूरपुर थाने में फोन कर और पुलिस व्यवस्था की मांग की। सुरक्षा के लिहाज से लड़के को घूरपुर थाने ले जाया गया, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Bara, Allahabad | Nov 10, 2026