पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही से हो सकता है बड़ा हादसा, सड़क निर्माण अधूरा छोड़ने और पुलिया के गड्ढों से ग्रामीणों में आक्रोश
रामनगर नहर पुलिया के पास साइफन के बगल बने दो बड़े गड्ढे बने हादसे को दावत, ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से जांच और कार्रवाई की उठाई मांग
बारा, प्रयागराज। बारा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरांव मोजरा में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कथित लापरवाही सामने आई है। रामनगर नहर पुलिया से महज 700मीटर की दूरी पर स्थित लिंक रोड, जो साइफन के बगल से होते हुए सीधे कुड़ी गौहानी मार्ग में मिलती है, इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति को लेकर चर्चा में है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब 700 मीटर लंबी इस सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था, लेकिन निर्माण कार्य आधा-अधूरा छोड़ दिया गया। सबसे गंभीर स्थिति साइफन के बगल बनी पुलिया की है, जहां एक नहीं बल्कि दो बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। सड़क का निर्माण तो कराया गया, लेकिन पुलिया के पास बने खतरनाक गड्ढों पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों का ध्यान नहीं गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन लोगों, बाइक सवारों और अन्य वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क और पुलिया की बदहाल स्थिति कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी निर्दोष की जान भी जा सकती है।
मामले को लेकर यूनाइटेड भारत के पत्रकार द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पीडब्ल्यूडी के जेई से भी बातचीत की जा चुकी है। आरोप है कि पहले नहर के साइफन के बगल बने गड्ढे को मिट्टी डालकर भरवा दिया गया था, लेकिन बारिश के कारण समस्या फिर उत्पन्न हो गई। इसके बाद बगल में पुलिया भी लगवाई गई, लेकिन मुख्य गड्ढे को अब तक सही तरीके से दुरुस्त नहीं कराया गया।
मौके की स्थिति को देखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच कराएं और सड़क व पुलिया का निर्माण मानकों के अनुरूप पूरा कराएं।
**मुख्यमंत्री से भी लगाई गुहार**
यूनाइटेड भारत के पत्रकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी शिकायत पर संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही जांच में सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
अब देखना यह है कि पीडब्ल्यूडी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस समस्या का संज्ञान लेते हैं और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराते हैं।
मनोज कुमार बिन्द, पत्रकार | यूनाइटेड भारत, बारा