#बालाघाट
बिरसा-बैहर के प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य और जनकल्याण अभियान जारी
जिले के बैहर एवं बिरसा विकासखंड के प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा राहत, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, पेयजल एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं उपचार की कार्यवाही कर रही हैं। स्वास्थ्य सर्वे के दौरान 1,078 बच्चों को विटामिन-ए, ओआरएस एवं जिंक की खुराक दी गई। 998 बच्चों को आयरन सिरप तथा 892 बच्चों को एल्बेंडाजोल की टैबलेट खिलाई गई। 16 सितंबर को 27 सत्रों में 1,333 बच्चों का टीकाकरण किया गया। इस प्रकार अब तक 551 सत्रों में कुल 23,864 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। बीमारियों की रोकथाम के लिए 54 गांवों के 5,740 घरों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया, जबकि 44 ग्रामों के 8,610 घरों में इंडोर एवं आउटडोर फॉगिंग की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामों में आंगनबाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई कराई गई तथा बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराया गया। बैहर विकासखंड के 21 ग्रामों के 28 आंगनबाड़ी केंद्रों और बिरसा के 23 ग्रामों के 41 आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई कराई गई। बैहर के 28 आंगनबाड़ी केंद्रों में 447 बच्चों तथा बिरसा के 41 केंद्रों में 837 बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा बैहर के 11 केंद्रों के 94 तथा बिरसा के 41 केंद्रों के 129 महिला एवं बच्चों को घर पहुंचकर भोजन दिया गया। जरूरतमंद बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को भी निर्धारित पोषण आहार (THR) उपलब्ध कराया गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों की सुरक्षा के लिए अभियान चलाया गया। बैहर के 7 ग्रामों में 26 तथा बिरसा के 6 ग्रामों में 21 हैंडपंपों का क्लोरीनेशन किया गया। इस प्रकार कुल 13 ग्रामों के 47 हैंडपंपों का क्लोरीनेशन किया गया। बैहर के एक ग्राम में 6 जलस्रोतों से पानी के नमूने भी लिए गए। वहीं बैहर के 4 ग्रामों में 4 हैंडपंप तथा बिरसा के 2 ग्रामों में 2 हैंडपंपों की मरम्मत एवं सुधार कार्य किया गया।
जनपद पंचायत बैहर के एक ग्राम में 2 स्थानों पर जलस्रोतों के आसपास सफाई की गई तथा एक स्थान पर गड्ढे भरने का कार्य किया गया। इसके अलावा बैहर के एक ग्राम में एक स्थान तथा बिरसा विकासखंड के 5 ग्रामों में 9 स्थानों पर डार्क स्पॉट की सफाई की गई।
बिरसा विकासखंड के प्रभावित ग्राम सोनगुड्डा में विशेष जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित कुल 290 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें संबल योजना, समग्र आईडी में नाम जोड़ने, राशन मित्र में नाम जोड़ने, जाति प्रमाण पत्र, आहार अनुदान, नवीन आधार कार्ड, आधार अपडेशन, जन्म प्रमाण पत्र, केसीसी एवं समग्र ई-केवाईसी से संबंधित आवेदन शामिल रहे। सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही जारी है।
शिविर में पूर्व में बनाए गए 108 जाति प्रमाण पत्र संबंधित हितग्राहियों को वितरित किए गए।
सोनगुड्डा में आयोजित विशेष जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान 3 पशुपालकों ने 5+1 बकरी पालन योजना का लाभ लेने के लिए अपनी सहमति प्रदान की। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्यवाही लगातार जारी है।
#CMMadhyaPradesh #minforestmp #mp_wcdmp #JansamparkMP #healthminmp #welfaretribal