#बालाघाट
माहू के प्रकोप को लेकर कृषि विभाग ने विभिन्न ग्रामों में किया फसलों का निरीक्षण
किरनापुर क्षेत्र में किसानों को कीट नियंत्रण एवं फसल सुरक्षा की दी गई जानकारी
धान की फसल में माहू के प्रकोप की स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग सतर्क हो गया है। प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा लगातार खेतों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में किरनापुर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर धान की फसल की स्थिति का जायजा लिया गया।
उप संचालक कृषि बालाघाट फूलसिंह मालवीय, अनुविभागीय कृषि अधिकारी राजेश कुमार खोबरागड़े एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी संजय कुमार उके के निर्देश पर कृषि विस्तार अधिकारी धर्मेंद्र कुमार बोरकर एवं गांधी घोरमारे ने ग्राम बिनोरा, कोकना, जामडी और पानगांव का भ्रमण किया। अधिकारियों ने किसानों के खेतों में पहुंचकर धान की फसल का निरीक्षण किया तथा माहू के प्रकोप की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान किसानों से फसल की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई और माहू के नियंत्रण एवं फसल सुरक्षा को लेकर आवश्यक कृषि तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से फसलों की नियमित निगरानी करने तथा कीट प्रकोप दिखाई देने पर तत्काल मैदानी अमले से संपर्क करने की अपील की, ताकि समय रहते आवश्यक उपाय किए जा सकें।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को भूरा माहू के नियंत्रण के लिए पाइमेट्रोजिन 15 प्रतिशत + डायनोटेफ्यूरॉन 45 डब्ल्यूजी, पाइमेट्रोजिन 50 डब्ल्यूजी, फेनमेजोडिटियाज या ट्रिफ्लुमेजोपाइरिम जैसे अनुशंसित कीटनाशकों के उपयोग की सलाह दी गई। साथ ही शीथ ब्लाइट के नियंत्रण के लिए हेक्साकोनाजोल + वैलिडामाइसिन अथवा टेबुकोनाजोल 50 प्रतिशत + ट्राइफ्लॉक्सीस्ट्रोबिन 25 प्रतिशत के उपयोग की सलाह दी गई। कृषि विभाग के मैदानी अमले ने किसानों को धान की फसल में यूरिया का आवश्यकता से अधिक प्रयोग नहीं करने की सलाह दी। साथ ही विभाग द्वारा बताए गए उपायों के अनुसार ही फसल प्रबंधन करने के लिए किसानों को जागरूक किया गया।
क्षेत्र में किसान चौपाल आयोजित कर किसानों को कृषि आदानों की खरीदारी के संबंध में भी जागरूक किया गया। किसानों से अपील की गई कि कृषि केंद्र से दवाई खरीदते समय उत्पाद के क्यूआर कोड को स्कैन कर उसकी जानकारी की पुष्टि करने के बाद ही दवा खरीदें।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत बिनोरा के कृषक नरेंद्र कुमार हाथीमारे, उमाशंकर हाथीमारे, प्रेम हाथीमारे सहित अन्य किसानों के खेतों में लगी DSR पद्धति से बोई गई धान की फसल का भी निरीक्षण किया गया। कृषि विभाग द्वारा क्षेत्र की फसलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #welfaretribal
#minmpkrishi
49 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 16, 2026