पैसों के अभाव में पटना के निजी अस्पताल में फंसी गरीब परिवार की बेटी, विधायक आलोक सिंह ने जमा कराई पूरी बकाया राशि; बच्ची को कराया डिस्चार्ज
दिनारा। दिनारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक कुमार सिंह ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक परिवार की मदद करते हुए मानवता की मिसाल पेश की। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाजरत गरीब परिवार की बेटी काजल कुमारी के इलाज का पूरा बकाया भुगतान कराकर उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कराया। मामला दिनारा विधानसभा क्षेत्र के भड़सरा गांव का है। गांव निवासी वीरेंद्र साह की पुत्री काजल कुमारी की तबीयत बीते 18 तारीख को खराब हो गई थी। परिजन 21 तारीख को बेहतर इलाज के लिए उसे पटना के एक निजी अस्पताल में ले गए। जांच में बच्ची के अपेंडिक्स में संक्रमण और मवाद की समस्या सामने आई, जिसके बाद उसी दिन शाम को उसका ऑपरेशन किया गया।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्ची के पिता इलाज के लिए पैसे का इंतजाम करने सूरत चले गए थे। वहीं, उसकी मां अस्पताल में रहकर देखभाल कर रही थीं। इसी दौरान अस्पताल की बकाया राशि जमा नहीं होने के कारण परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि पैसे के अभाव में बच्ची की दवा, ड्रेसिंग और समुचित देखभाल भी प्रभावित हो रही थी।
बच्ची की मां ने इसकी जानकारी विधायक आलोक कुमार सिंह को दी। सूचना मिलते ही विधायक ने अस्पताल प्रबंधन से बात की और स्वयं अस्पताल पहुंचकर बच्ची तथा उसकी मां से मुलाकात की। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टरों से बातचीत कर बकाया राशि का पूरा भुगतान अपने स्तर से किया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद बच्ची को अस्पताल से डिस्चार्ज कराया।
इस संबंध में विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि दिनारा विधानसभा क्षेत्र की जनता उनका परिवार है। परिवार के किसी भी सदस्य पर संकट आएगा तो वे हर परिस्थिति में उसके साथ खड़े मिलेंगे।
उन्होंने अस्पताल संचालकों से अपील की कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ मानवीय व्यवहार करें। पैसे के अभाव में किसी मरीज की चिकित्सा और देखभाल प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता अपनी किसी भी समस्या को लेकर उनसे संपर्क कर सकती है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सम्मान, अधिकार और न्याय के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। Alok Singh Alok Kumar Singh