सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी तथा कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने व्यापारियों से किया संवाद
व्यापारियों ने सड़क मार्ग, बैंक शाखाओं को बढ़ाने एवं एटीएम में नगदी की कमी होने सहित अन्य समस्याओं से कराया अवगत
––––
––––
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत उदयपुरा विकासखण्ड के देवरी में आयोजित शिविर के दौरान नर्मदापुरम सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी तथा कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा व्यापारियों से संवाद किया गया। उन्होंने व्यापारियों से क्षेत्र में व्यापार को बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के संबंध में चर्चा की तथा व्यापार नियमों तथा श्रम नियमों का पालन करने के लिए कहा।
संवाद के दौरान सांसद श्री चौधरी तथा कलेक्टर श्री विश्वकर्मा को व्यापारियों ने समस्याओं, कठिनाईयों से अवगत कराते हुए कहा कि देवरी को मुख्य मार्गों तथा गावों को देवरी से जोड़ने तथा सड़कों का निर्माण आदि कार्य कराएं जाए। साथ ही सड़क मार्ग खराब होने से अनेक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद श्री चौधरी तथा कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने समस्या का हल निकालने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसी प्रकार व्यापारियों द्वारा बैंक शाखाओं को बढ़ाने उनका विस्तार करने तथा सड़क मार्गो की मरम्मत, सड़क पर निराश्रित गौवंश की समस्या के समाधान, इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने सहित अन्य समस्याओं की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया गया। जिनके समाधान पर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। व्यापारियों से संवाद के दौरान एसपी श्री आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी सहित जिला अधिकारी और विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#Raisen