बिक्रमगंज में लोक अदालत का आयोजन,666 मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा, 2.29 करोड़ से अधिक का सेटलमेंट
बिक्रमगंज व्यवहार न्यायालय में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 666 मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। आपसी सुलहनामे के आधार पर आपराधिक, बैंक, बिजली, वन, मापतौल, श्रम और खनन विभाग से जुड़े सुलहनीय मामलों का निपटारा किया गया। मामलों के त्वरित निष्पादन से फरियादियों में खुशी दिखी। लोगों ने लोक अदालत को त्वरित और सुलभ न्याय का बेहतर माध्यम बताया।
लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन मामलों में 30 लाख 76 हजार 99 रुपये तथा नीलाम पत्र मामलों में एक करोड़ 98 लाख 77 हजार 253 रुपये का सेटलमेंट हुआ। लोक अदालत कार्यालय प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामलों के निष्पादन के लिए आठ बेंच गठित की गई थीं। इनमें नीलाम पत्र के 175, बैंक के 337, बिजली के 26, न्यायालय के 125, श्रम विभाग के एक, वन विभाग के एक और मापतौल विभाग के एक मामले का निष्पादन किया गया। विभिन्न विभागों से कुल 75 लाख रुपये की नगद वसूली भी हुई।
कार्यक्रम का उद्घाटन एडीजे प्रथम सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष ओम सागर समेत अन्य न्यायिक पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लोक अदालत सुबह साढ़े दस बजे से शाम चार बजे तक चली। इस दौरान अनुमंडल क्षेत्र के सैकड़ों फरियादी पहुंचे।
Kargahar, Rohtas | Sep 13, 2026