श्योपुर पंच-सरपंच सम्मेलन में हंगामा, सांसद से हुई नोकझोंक; कार्यक्रम छोड़कर बाहर निकले शिवमंगल सिंह तोमर
श्योपुर। जिले में आयोजित पंच-सरपंच सम्मेलन के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पंचायतों से जुड़ी समस्याओं को लेकर सरपंचों का गुस्सा फूट पड़ा। सम्मेलन में सरपंचों ने गांवों में गंदे पानी की समस्या सहित पंचायत स्तर की विभिन्न परेशानियों को लेकर सवाल उठाए।
इसी दौरान सरपंचों और सांसद शिवमंगल सिंह तोमर के बीच नोकझोंक की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ता देख सांसद कार्यक्रम छोड़कर बाहर निकल गए। मौके पर मौजूद नरेगा अधिकारी विक्रम जाट ने विवाद को शांत कराने और स्थिति को संभालने का भरसक प्रयास किया।
सम्मेलन में सरपंचों ने पंचायतों में गंदे पानी की निकासी और उससे जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सरपंचों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से ऐसी समस्याएं बनी हुई हैं, जिनका स्थायी समाधान जरूरी है।