दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, राम सिंह स्वीट हाउस से खोए और छेने की मिठाई के नमूने लिए गए
संतकबीरनगर। दीपावली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय सतीश कुमार के निर्देशन में टीम ने महुली क्षेत्र के कुशहावा स्थित राम सिंह स्वीट हाउस पर औचक छापेमारी की।
इस दौरान टीम ने खोए का एक और छेने की मिठाई का एक नमूना लेकर कुल दो सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। साथ ही प्रतिष्ठान में मिली कमियों को दूर करने के लिए संचालक को नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार, सच्चिदानंद गुप्ता सहित पुलिस बल मौजूद रहा। विभाग ने मिलावट से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 18001805533 भी जारी किया है।