आजम खान के समर्थन में सपा ने सौंपा ज्ञापन, जिला अध्यक्ष अब्दुल कलाम की अगुवाई में उठाई न्याय की मांग
संतकबीर नगर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय आजम खान के साथ कथित राजनीतिक उत्पीड़न, अन्याय एवं अमानवीय व्यवहार के विरोध में समाजवादी पार्टी संतकबीर नगर के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कार्यक्रम की अगुवाई जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने की।
ज्ञापन में कहा गया कि आजम खान ने सांसद, विधायक एवं कैबिनेट मंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद उनके विरुद्ध लगातार मुकदमों एवं कानूनी कार्रवाइयों का सिलसिला गंभीर चिंता का विषय है। सपा नेताओं ने इसे कथित राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए निष्पक्ष न्याय एवं मानवीय गरिमा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान रमेश यादव, जय राम पांडे, अंकिता बाँबी, गौहर अली खान, धर्मेंद्र यादव, राहुल यादव, मोहम्मद अहमद, अजीम खान, बैजनाथ, अनिल यादव एवं सुनील सिंह सहित समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।