फ्लाईओवर पर व्यू कटर लगाने की पहल, विधायक अंकुर राज तिवारी ने एक माह में काम शुरू कराने का दिया आश्वासन
संतकबीरनगर। खलीलाबाद फ्लाईओवर पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और हाल ही में एक बच्चे की दर्दनाक मौत की घटना को गंभीरता से लेते हुए खलीलाबाद के विधायक अंकुर राज तिवारी ने फ्लाईओवर पर व्यू कटर लगाने की पहल की है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर एनएच के अधिकारियों को भी बुलाया और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि फ्लाईओवर पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान गई है। हाल ही में एक बच्चा दुर्घटना के दौरान फ्लाईओवर से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए वहां व्यू कटर लगाना बेहद आवश्यक है।
विधायक ने आश्वासन दिया कि एक महीने के अंदर व्यू कटर लगाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चे के परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदना है। दुख की इस घड़ी में परिवार को संबल देने के लिए वह उनसे मिलने भी जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी पूरी कोशिश है कि फ्लाईओवर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों, ताकि दोबारा किसी परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।