🚨दीपावली पर देहरादून में अग्नि सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम, 41 जगहों पर पानी के टैंकर तैनात
23 संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैद रहेंगे फायर टैंकर, बाजारों में दिन में तीन बार होगी फायर ब्रिगेड की गश्त
90 फीसदी से अधिक फायर हाइड्रेंट चालू, आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए विभाग अलर्ट
देहरादून। दीपावली के त्योहार को देखते हुए राजधानी देहरादून में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहार के दौरान आगजनी की संभावित घटनाओं पर तत्काल काबू पाने के लिए जनपद में व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसके तहत 41 स्थानों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि शहर के 23 संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर फायर टैंकर तैनात किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने जल संस्थान के साथ समन्वय बनाकर यह व्यवस्था तैयार की है। विभाग का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी के अनुसार, जनपद में मौजूद फायर हाइड्रेंट की लगातार जांच की जा रही है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट पूरी तरह क्रियाशील हैं। शेष हाइड्रेंट को भी जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों की टीमें दिन में तीन बार अग्निशमन वाहनों से गश्त करेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
अग्निशमन विभाग ने व्यापारियों और आमजन से भी सतर्कता बरतने की अपील की है। दुकानदारों को बिजली के उपकरणों और विद्युत लोड पर विशेष ध्यान देने, क्षमता से अधिक बिजली का उपयोग नहीं करने तथा दुकानों में अग्नि सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के लिए रास्ता खाली रखने की अपील की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान अग्निशमन टीमें पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेंगी, ताकि राजधानी में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।