आटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 कुंतल 27 किलो अवैध गांजा बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
जालौन। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आटा थाना पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 कुंतल 27 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र तथा पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त 2026 को आटा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्ध गांजा तस्करों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजीव पंवार (45), आदिल (30), मोईन खान (24) और शमीम (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो कारें—UK08 BM 4343 और UP19 X 5841, गांजा तथा 5,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
उड़ीसा से खरीदकर कई जिलों में करते थे सप्लाई: पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चारों मिलकर अवैध गांजे का कारोबार करते हैं। वे उड़ीसा से गांजा खरीदकर झांसी, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर समेत आसपास के जिलों में घूम-घूमकर राहगीरों और ग्राहकों को बेचते थे। बिक्री से प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में थाना आटा में मुकदमा अपराध संख्या 141/2026, संबंधित धाराओं में पंजीकृत कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के राज्यों और जनपदों से जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना आटा पुलिस टीम तथा प्रभारी स्वाट/सर्विलांस टीम शामिल रही।
Orai, Jalaun | Aug 29, 2026