गया को मिलेगी विकास की नई पहचान, ‘Infra Built Expo 2026’ बनेगा आधुनिक निर्माण का बड़ा मंच: Architects & Engineers Association की पहल, दो दिवसीय एक्सपो में जुटेंगे निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञ और प्रमुख कंपनियां
गया। गया शहर के महारानी पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार को Architects & Engineers Association, Gaya, Bihar की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने आगामी ‘Infra Built Expo 2026’ के आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि यह आयोजन गया के भवन निर्माण एवं शहरी विकास के क्षेत्र में नई दिशा तय करने की महत्वपूर्ण पहल होगी।
दो दिवसीय Infra Built Expo 2026 में भवन निर्माण सामग्री की भव्य प्रदर्शनी के साथ तकनीकी प्रस्तुतियां, सेमिनार, विशेष संवाद सत्र और विभिन्न कंपनियों के प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य आर्किटेक्ट्स, इंजीनियर्स, बिल्डर्स, डेवलपर्स सहित निर्माण क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों और भवन निर्माण सामग्री कंपनियों को एक साझा मंच पर लाना है। आयोजन के दौरान विभिन्न कंपनियां अपने आधुनिक उत्पादों, निर्माण सामग्रियों और नई तकनीकों की जानकारी देंगी। तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा आयोजित सेमिनार एवं संवाद सत्रों में बेहतर, सुरक्षित, टिकाऊ और आधुनिक निर्माण को लेकर चर्चा की जाएगी। इससे आम लोगों को भी भवन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली नई तकनीकों और सामग्रियों की उपयोगिता की जानकारी मिल सकेगी।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि आज के समय में भवन निर्माण केवल ईंट, सीमेंट और सरिया तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, गुणवत्ता, सुरक्षा और बेहतर प्लानिंग इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। एक्सपो के माध्यम से आम जनता को भी जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपने भवनों का निर्माण अधिक बेहतर और वैज्ञानिक तरीके से करा सकें।
‘धार्मिक पहचान के साथ विकास की भी मिसाल बने गया’
Architects & Engineers Association का मानना है कि गया केवल धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाला शहर नहीं, बल्कि आने वाले समय में सुंदर, सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर के रूप में भी अपनी पहचान बना सकता है। गया जी ज्ञान एवं तप की भूमि के रूप में विश्वभर में प्रसिद्ध है। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। संगठन की सोच है कि गया आने वाले पर्यटक यहां की संस्कृति और परंपरा के साथ-साथ शहर के विकास और आधुनिक स्वरूप को भी याद रखें। इसके लिए शहर के सुनियोजित विकास, बेहतर आधारभूत संरचना और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
संगठन ने कहा कि सरकार की शहरी विकास परियोजनाओं के सफल एवं बेहतर क्रियान्वयन में स्थानीय आर्किटेक्ट्स और इंजीनियर्स की विशेषज्ञता का उपयोग किया जाना चाहिए। स्थानीय विशेषज्ञ शहर की जरूरतों, भौगोलिक परिस्थितियों और भविष्य की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझते हैं। सरकार, अभियंताओं और निर्माण सामग्री से जुड़ी कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय से गया के विकास को नई गति मिल सकती है।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि आयोजन से जुड़े प्रयासों में SD Lion, Captain Steel, Ace Cement, Ultratech Cement, Greenply, Kohler, Philips सहित अन्य कंपनियों की भागीदारी/सहयोग प्रस्तावित है।
#गयाजी
#गया_हो
#बिहार
#GayaPolice
#BiharPolitics
#LatestNews
#apartment