प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। दिनांक – 11 सितंबर 2026
पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर डाक विभाग की विशेष पहल, विशेष लिफाफे एवं पोस्टकार्ड पर अंकित होगा आधिकारिक लोगो
पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन, गया जी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में डाक विभाग द्वारा पितृपक्ष मेला के अवसर पर विशेष पहल करते हुए लिफाफों एवं पोस्टकार्ड पर पितृपक्ष मेला का आधिकारिक लोगो एवं इससे संबंधित जानकारी अंकित की जाएगी।
मेला अवधि के दौरान डाक विभाग के पोस्टकार्ड, लिफाफे एवं बंडलों पर पितृपक्ष मेला का आधिकारिक लोगो प्रदर्शित होगा। इस संबंध में डाक विभाग द्वारा जिला पदाधिकारी, गया जी को भी सूचित किया गया है।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है मेला का आधिकारिक लोगो
पितृपक्ष मेला 2026 के आधिकारिक लोगो को गया जी की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। लोगो में पिंडदान की परंपरा, तर्पण करते हुए हाथ, मोक्षभूमि गयाजी का ऐतिहासिक विष्णुपद मंदिर, पवित्र फल्गु नदी की लहरें तथा गया जी की पहचान अक्षयवट वृक्ष को दर्शाया गया है।
पितृपक्ष मेला के आधिकारिक लोगो का चयन स्थानीय बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया है। मुख्य लोगो के अतिरिक्त चयनित नौ अन्य लोगो का भी प्रचार-प्रसार में उपयोग किया जाएगा। वहीं, ‘पेंट द सिटी’ पहल के तहत 27 समूहों द्वारा दीवारों, घाटों एवं प्रमुख चौराहों पर पौराणिक कथाओं एवं गया जी की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत से संबंधित चित्रकारी की जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलंत एटीएम की व्यवस्था
डाक विभाग द्वारा विशेष लोगो वाले लिफाफे एवं पोस्टकार्ड जारी करने के साथ-साथ पितृपक्ष मेला क्षेत्र में चलंत एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मोबाइल एटीएम मेला क्षेत्र में संचालित होंगे, जिससे श्रद्धालुओं को आवश्यकतानुसार नकदी की सुविधा मिल सकेगी।
जिला पदाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने डाक विभाग की इस पहल को श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी एवं सराहनीय पहल बताया है।
तकनीक आधारित सुविधाओं पर भी जोर
पितृपक्ष मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन एवं बेहतर व्यवस्था के लिए तकनीक आधारित समाधानों के उपयोग पर भी जोर दिया जा रहा है। मेला क्षेत्र में ट्रायल के आधार पर एआई आधारित जियो-फेंसिंग एवं फेसिंग तकनीक के उपयोग पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न कंपनियों द्वारा जिला प्रशासन के समक्ष डेमो प्रस्तुत किए गए हैं। सफल परीक्षण के उपरांत भविष्य में इसके व्यापक उपयोग की संभावना पर विचार किया जाएगा।
बच्चों की सुरक्षा के लिए क्यूआर कोड युक्त सुरक्षा बैंड
परिवार के साथ आने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्यूआर कोड आधारित विशेष सुरक्षा बैंड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इन बैंड में अभिभावकों का विवरण एवं संपर्क नंबर दर्ज रहेगा, जिससे बच्चा अपने परिजनों से अलग होने की स्थिति में स्कैन के माध्यम से अभिभावकों से संपर्क स्थापित किया जा सकेगा।
आवासन, भोजन एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था
पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यापक आवासन व्यवस्था की जा रही है। लगभग 70 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। गांधी मैदान में लगभग 2,500 बेड की टेंट सिटी भी तैयार की जा रही है।
श्रद्धालुओं को किफायती एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए जीविका दीदी की रसोई के माध्यम से मात्र 25 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
मेला क्षेत्र को बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन के लिए 5 जोन एवं 54 सेक्टर में विभाजित किया गया है। स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय, स्नानागार एवं चेंजिंग रूम की व्यापक व्यवस्था की जा रही है।
सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य एवं परिवहन की तैयारी
मेला क्षेत्र की सड़कों एवं संपर्क मार्गों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। पेयजल की उपलब्धता के लिए चापानल, प्याऊ, नल, वॉटर टैंकर एवं वॉटर एटीएम की व्यवस्था की जा रही है।
श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए जा रहे हैं। परिवहन सुविधा के लिए रिंग बस एवं ई-रिक्शा की व्यवस्था की जा रही है। बुजुर्ग एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को स्वयंसेवकों की सहायता से व्हीलचेयर के माध्यम से पिंडवेदी त पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
पितृपक्ष मेला 2026 का आयोजन 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, आवासन, पेयजल, प्रकाश, यातायात एवं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
CMO Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar India Post
Gaya, Bihar | Sep 11, 2026