कुष्ठ मुक्त जिले के लक्ष्य को लेकर घर-घर दस्तक, 16 सितंबर से शुरू होगा कुष्ठ रोग खोज अभियान’
-------
8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जिले में 1,245 सर्वे दल घर-घर पहुंचकर करेंगे संभावित मरीजों की पहचान’
बड़वानी 15 सितम्बर 2026/जिले को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 16 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक कुष्ठ रोग खोज अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जिले में कुल 1,245 सर्वे दल गठित किए गए हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य सर्वे करेंगे तथा कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों की पहचान करेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ’डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर’ के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत 1,245 सर्वे दल निर्धारित क्षेत्रों में जाकर प्रत्येक घर के सदस्यों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेंगे। सर्वे के दौरान कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति की आवश्यक जांच कर आगे की जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्था पर भेजा जाएगा।
’जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अतुल राठौड़ ने बताया कि’ राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में नियमित रूप से कुष्ठ रोग खोज अभियान चलाया जाता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे कुष्ठ रोगियों की समय पर पहचान करना है, जिनमें बीमारी के शुरुआती लक्षण मौजूद हैं और जिनका अभी तक उपचार शुरू नहीं हुआ है। समय पर पहचान और उपचार से बीमारी को नियंत्रित करने के साथ ही कुष्ठ रोग से होने वाली जटिलताओं एवं विकलांगता को भी रोका जा सकता है।
डॉ. राठौड़ ने बताया कि ’त्वचा पर हल्के या तांबे के रंग के ऐसे दाग, जिनमें संवेदना कम या समाप्त हो गई हो’, कुष्ठ रोग का संभावित लक्षण हो सकता है। इसके अलावा हाथ-पैर में सुन्नपन, झुनझुनी, कमजोरी अथवा नसों में मोटापन जैसे लक्षण भी कुष्ठ रोग के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर घबराने या बीमारी को छिपाने के बजाय स्वास्थ्यकर्मियों को इसकी जानकारी देकर जांच करवानी चाहिए।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की सर्वे टीमों द्वारा आमजन को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार एवं बचाव के संबंध में जागरूक भी किया जाएगा। विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि जब ’1,245 सर्वे दलों में शामिल स्वास्थ्यकर्मी’ उनके घर पहुंचे तो उन्हें आवश्यक जानकारी देकर सहयोग करें। परिवार के किसी सदस्य में कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण दिखाई देने पर इसकी जानकारी सर्वे टीम को जरूर दें।
’समय पर पहचान, शीघ्र उपचार और जनसहयोग के माध्यम से कुष्ठ रोग पर प्रभावी नियंत्रण’ किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की है।
Barwani, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026