जहानाबाद में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 1.49 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. मीना कुमारी ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की शुरुआत, 26 नवंबर तक चलेगा
जिले में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को पल्स पोलियो उप-राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान (SNID-2026) का शुभारंभ किया गया। प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. मीना कुमारी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिड वाई भूटिया के निर्देश पर शुरू हुआ यह अभियान 22 से 26 नवंबर तक चलेगा। अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को 27 नवंबर को बी-टीम के माध्यम से पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
1,49,305 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कुल 2,15,636 घरों तक पहुंचने और 1,49,305 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान को सफल बनाने के लिए 414 घर-घर टीमें, 73 ट्रांजिट टीमें और 13 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा 145 पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई है।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 22, 2026