परिया पोखर में 5001 दीप जलेंगे, डीएम ने दिए निर्देश
लखीसराय। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत परिया पोखर में 5001 दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएम ने परिया पोखर में 5001 दीपों का प्रज्वलन चरणबद्ध एवं विभागवार कराने का निर्देश दिया। कार्यक्रम का आयोजन जीविका, नगर परिषद और आईसीडीएस के समन्वय से होगा। ड्रोन कैमरे से कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
जिले के 868 विद्यालयों में भी चरणबद्ध तरीके से दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। इसके लिए सात-सात दिनों का चरण निर्धारित कर तिथि और विभागवार कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। सभी नगर निकाय मुख्यालयों में भी दीप प्रज्वलन होगा।
17 सितंबर को नगर परिषद क्षेत्र के नगर भवन और सम्राट अशोक भवन में 101-101, शहीद स्थल, वृद्धाश्रम, विवाह भवन विद्यापीठ चौक और रैन बसेरा में 51-51 दीप जलाए जाएंगे। पंचायतों में दीप प्रज्वलन की तिथि, संख्या और पंचायतवार रिपोर्ट संधारित की जाएगी। पंचायत सचिव को नोडल और बीडीओ को सुपर नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।