38,268 बाढ़ प्रभावित परिवारों को मिले 26.78 करोड़
लखीसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्य के पात्र परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अनुग्रहिक अनुदान की राशि हस्तांतरित की। राज्यभर में 8,27,472 परिवारों को कुल 579 करोड़ 23 लाख 4 हजार रुपये का भुगतान किया गया।
इसी क्रम में लखीसराय जिले के 38,268 परिवारों के खातों में 7 हजार रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 26 करोड़ 78 लाख 76 हजार रुपये भेजे गए। राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से लाभुकों को पारदर्शी एवं त्वरित तरीके से सरकारी सहायता मिली।
जिला प्रशासन के अनुसार, बाढ़ प्रभावित प्रखंडों में सिविल सर्जन की ओर से ब्लीचिंग पाउडर उपलब्ध कराया गया है और उसका छिड़काव कराया जा रहा है। प्रशासन ने लाभुकों से अनुदान की राशि का उपयोग परिवार की आवश्यकताओं के लिए उचित रूप से करने की अपील की है।
मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी आपदा शशि कुमार, सिविल सर्जन जय प्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।