राष्ट्रीय पोषण माह को लेकर डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
लखीसराय। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित पोषण योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन तथा राष्ट्रीय पोषण मिशन के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
डीएम ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण स्तर में सुधार तथा कुपोषण की रोकथाम के लिए संचालित योजनाओं का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्धारित सेवाओं का गुणवत्तापूर्ण संचालन और पात्र लाभुकों को समय पर पोषण एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक आयोजित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ विभागीय कैलेंडर के अनुसार प्रतिदिन गतिविधियों का आयोजन करने तथा उसकी शत-प्रतिशत प्रविष्टि जन आंदोलन डैशबोर्ड पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यकता के अनुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) रेफर करने तथा आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं संबंधित कर्मियों को शत-प्रतिशत गृह भ्रमण सुनिश्चित करने को कहा। गृह भ्रमण के दौरान बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने पर भी बल दिया गया।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पोषण संबंधी शपथ ली। इस दौरान डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, सिविल सर्जन ओम प्रकाश सिंह, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी धीरज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।