भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर तामिया में गरिमामय जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित
जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की हुई प्रस्तुति
जनजातीय नायकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन
प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संबोधन का भी हुआ सीधा प्रसारण
===========================
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आज जनजातीय गौरव, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान का जिला स्तरीय समारोह तामिया के शासकीय सांदीपनि विद्यालय ग्राउंड में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर नायकों के संघर्ष और उनके अमूल्य योगदान का स्मरण किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया। साथ ही धार जिले से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का भी वर्चुअल प्रसारण देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम छिन्दवाड़ा के महापौर श्री विक्रम अहके, श्री शेषराव यादव, राज्य भारिया प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री दिनेश कुमार अंगारिया एवं कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, अपर कलेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सतेन्द्र सिंह मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
जनजातीय नायकों का संघर्ष और योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा - कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस पूरे देश में मनाया जा रहा है। तामिया में जिला स्तरीय समारोह आयोजित करने का उद्देश्य जनजातीय समाज के बीच पहुंचकर उनके साथ इस गौरवपूर्ण दिवस को मनाना है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के योगदान के बारे में जितना कहा जाए, कम है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजों के अत्याचारों के विरुद्ध संघर्ष किया। उनका साहस, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में हमारे अनेक वीर जनजातीय नायकों के इतिहास और उनके योगदान को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया था लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विभिन्न समाजों के महापुरुषों और नायकों के योगदान को सामने लाने का कार्य किया जा रहा है। अनेक योजनाओं के नाम भी जनजातीय महापुरुषों के नाम पर रखे जा रहे हैं। उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
नगर निगम छिन्दवाड़ा महापौर श्री विक्रम अहके ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल जनजातीय समाज के लिए ही नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए गौरव का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका जीवन प्रकृति, संस्कृति और समाज के संरक्षण के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
श्री शेषराव यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। इसी भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए योगदान देने वाले सभी समाजों के नायकों का सम्मान होना चाहिए। हमें अपनी भावी पीढ़ी को अपने महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और देश एवं समाज के लिए किए गए कार्यों से परिचित कराना चाहिए, ताकि वे अपनी गौरवशाली विरासत को जान सकें और उससे प्रेरणा ले सकें।
श्री कमलेश उइके ने भी जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनजातीय समाज के कल्याण, उत्थान और विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
जनजातीय परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दिखाई समृद्ध विरासत - समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। पारंपरिक लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय जीवनशैली और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
जनजातीय देवस्थलों के पंडा-पुजारियों, भुमका एवं प्रतिभाओं का किया सम्मान - समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा जनजातीय देवस्थलों के पंडा-पुजारियों एवं भुमका का सम्मान किया गया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बादल भोई के वंशजों को सम्मानित कर उनके परिवार के योगदान का स्मरण किया गया। जनजातीय समाज के प्रतिभावान एवं मेधावी विद्यार्थियों तथा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सम्मानित प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन - समारोह के समापन के पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा तामिया में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति उनके योगदान का स्मरण किया।
कार्यक्रम में श्री संजय पटेल, श्रीमती कांता ठाकुर, श्री संदीप रघुवंशी, श्री आशीष ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
PMO India
Dr Mohan Yadav CM Madhya Pradesh
#JanjatiyaGauravDiwas
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
Ministry of Tribal Affairs, Government of India
Jansampark Madhya Pradesh