जैविक हाट का 49वां सप्ताह सफलतापूर्वक संपन्न, शीतकालीन सब्जियों की विविधता से शहरवासियों में उत्साह
किसानों और उपभोक्ताओं के बीच मजबूत हो रहा सीधा संपर्क, प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों को मिल रहा प्रोत्साहन
==============================
शासन की मंशा के अनुरूप एवं कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के सहयोग से किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा संचालित जैविक हाट का आज 49वां सप्ताह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने तथा किसानों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर विपणन मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस हाट का आयोजन किया जा रहा है।
जैविक हाट प्रत्येक शनिवार को प्रात: 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक गुरैया सब्जी मंडी, छिंदवाड़ा में आयोजित किया जाता है। यहां प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसान अपने खेतों में उत्पादित ताजी सब्जियां एवं अन्य प्राकृतिक उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा रहे हैं।
इस सप्ताह आयोजित हाट में शीतकालीन मौसम के अनुरूप विभिन्न प्रकार की ताजी एवं मौसमी सब्जियों की विस्तृत श्रृंखला देखने को मिली। किसानों द्वारा मटर, गोभी, सेमी, पालक, मेथी, बींस, टमाटर, बैंगन, अदरक, आलू, चना भाजी, प्याज, लहसुन सहित विभिन्न देसी एवं हरी सब्जियां उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा दूध, घी, शहद, केंचुआ खाद एवं ड्राई सब्जियां भी बिक्री के लिए रखी गईं। मौसमी सब्जियों की विविधता और प्राकृतिक उत्पादों की उपलब्धता को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जैविक हाट से शहरवासियों को ताजी, मौसमी एवं स्थानीय स्तर पर उत्पादित सब्जियां उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही रासायनिक कीटनाशक अवशेषों के संभावित संपर्क को कम करने की दिशा में प्रोत्साहन मिल रहा है। उपभोक्ताओं को किसानों से सीधे संवाद कर उत्पादों की उत्पादन पद्धति की जानकारी प्राप्त करने का अवसर भी मिल रहा है। इससे स्वस्थ खानपान एवं प्राकृतिक उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
वहीं, किसानों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। बिचौलियों की भूमिका कम होने से बेहतर मूल्य प्राप्त करने की संभावना बढ़ रही है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर स्थायी विपणन मंच उपलब्ध होने से प्राकृतिक खेती एवं फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन मिल रहा है। किसान उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर अपने उत्पादों की मांग की जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं तथा प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अपनी अलग पहचान स्थापित करने का अवसर मिल रहा है।
जैविक हाट का उद्देश्य केवल उत्पादों का विक्रय करना नहीं है, बल्कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, खेती में रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करना तथा किसान और उपभोक्ता के बीच सीधा विश्वास स्थापित करना भी है।
जिला प्रशासन के सहयोग, कलेक्टर श्री नारायन के मार्गदर्शन एवं कृषि विभाग के सतत प्रयासों से जैविक हाट निरंतर लोकप्रिय हो रहा है। 49 सप्ताह का सफल संचालन किसानों एवं शहरवासियों की बढ़ती सहभागिता तथा प्राकृतिक उत्पादों के प्रति विश्वास का प्रतीक है।
#जैविक_हाट
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh