ग्राम खडुआ में जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी से श्रमदान कर किया गया बोरी बंधान
उपस्थित जनों को दिलाई गई जल संरक्षण की शपथ
===========================
जल संरक्षण एवं आगामी समय में संभावित जल संकट की समस्या के समाधान के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जिले के विकासखंड तामिया के अंतर्गत ग्राम खडुआ में आज बोरी बंधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्रीमती ललिता कुशरे ने किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम खडुआ के स्थानीय नाले में बहकर व्यर्थ जा रहे पानी को रोकने तथा जल संचयन के माध्यम से भूजल स्तर में वृद्धि करने के उद्देश्य से बोरी बंधान किया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आज पानी की बचत करेंगे, तभी भविष्य में हमें पर्याप्त पानी मिल सकेगा। बहते हुए पानी को रोकना आज नितांत आवश्यक है। यदि हमने पानी को व्यर्थ बहने दिया तो आगामी समय में भीषण जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सभी से अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जल की एक-एक बूंद को सहेजने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला समन्वयक श्री जैन ने उपस्थित जनों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए नियमित रूप से बोरी बंधान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आगामी दिनों में ग्राम स्तर पर आवश्यक तैयारियां एवं कार्ययोजना बनाने पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम की पूर्व तैयारी ग्रामीणों द्वारा पूरी कर ली गई थी। इसके पश्चात मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की टीम, बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों, नवांकुर संस्था के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक सहभागिता के साथ श्रमदान कर नाले में बोरी बंधान का कार्य किया। सभी सहभागियों ने उत्साहपूर्वक इस जल संरक्षण अभियान में अपना योगदान दिया।
उल्लेखनीय है कि बोरी बंधान से क्षेत्र के जलस्तर में वृद्धि होने के साथ ही सिंचाई कार्य तथा पशु-पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के समापन पर विकासखंड समन्वयक श्रीमती ललिता कुशरे ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री पंकज राय, श्रीमती स्वाति सूर्यवंशी, श्री सुभाष मिनोटे, श्री महेंद्र यादव, एमएसडब्ल्यू की छात्राएं उमा भारती एवं सीमा मर्सकोले, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य श्री महतराम पंद्रम, श्री सारंग सरयाम, श्री दुर्गसा कवरेती, श्री हरबनसा धुर्वे, श्री राकेश पंद्रम, श्रीमती सरिता सरयाम, नवांकुर संस्था अध्यक्ष श्री रघुवीर पंद्रम, श्री प्रदीप उइके सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
#जल_संरक्षण #बोरी_बंधान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh