प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री हुददार द्वारा जिला जेल में न्यायोत्सव-विधिक सेवा सप्ताह 2026 का शुभारंभ
बाल दिवस पर परिरूध्द बंदियों के बच्चों से की मुलाकात, शिशु गृह में बच्चों को वितरित किए खिलौने, टॉफियां और फल
=============================
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 14 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले न्यायोत्सव-विधिक सेवा सप्ताह 2026 का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुशांत हुददार द्वारा जिला जेल में किया गया।
इस अवसर पर बाल दिवस के उपलक्ष्य में उन्होंने जेल में परिरुद्ध बंदियों के बच्चों से मुलाकात की तथा बच्चों से संवाद कर उन्हें भविष्य में कुछ बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित बंदियों और बच्चों को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री हुददार ने कहा कि बंदियों को उनके बच्चों से मिलवाने की यह अत्यंत संवेदनशील पहल है। इससे बच्चों का अपने माता-पिता के प्रति भावनात्मक लगाव बढ़ेगा। साथ ही बंदियों का भी अपने परिवार से जुड़ाव मजबूत होगा और उन्हें यह एहसास होगा कि उन्हें अपराधों से दूर रहना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री संकर्षण प्रसाद पांडेय, सी.जे.एम. श्री विपेन्द्र कुमार यादव, मजिस्ट्रेट श्री प्रशांत सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सोमनाथ राय, जेल अधीक्षक श्री प्रतीक जैन, जेलर श्री ज्ञानांशु भारतीय, जेल स्टाफ एवं अन्य बंदी उपस्थित थे।
बाल दिवस पर शिशु गृह का किया निरीक्षण - बाल दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुशांत हुददार ने शिशु गृह का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिशु गृह में रहने वाले बच्चों को खिलौने, टॉफियां एवं फल वितरित किए। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री संकर्षण प्रसाद पांडेय, जिला न्यायाधीश श्रीमती तृप्ति पांडेय, सी.जे.एम. श्री विपेन्द्र कुमार यादव एवं मजिस्ट्रेट श्री प्रशांत सिंह उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh