राष्ट्रीय डाक सप्ताह 9 से 15 अक्टूबर तक मनाया जाएगा
नागरिकों को डाक सेवाओं के प्रति किया जाएगा जागरूक
भारतीय डाक विभाग द्वारा 9 से 15 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष सप्ताह का संदेश एक डाक नेटवर्क, असीम संभावनाएँ है। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अवसर पर मण्डला डाक संभाग के विभिन्न डाकघरों के माध्यम से नागरिकों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा। इस दौरान डाक बचत योजनाओं, सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, आधार एवं पासपोर्ट सेवाओं के प्रति लोगों को जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही स्पीड पोस्ट, पार्सल तथा विभिन्न डिजिटल डाक सेवाओं के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों तक डाक विभाग की सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना, वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करना तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से डाक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना है।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के माध्यम से डाक विभाग की पारंपरिक सेवाओं के साथ आधुनिक डिजिटल सुविधाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे अधिकाधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
48 views | Mandla, Madhya Pradesh | Oct 10, 2026