एनएच 30 किनारे संचालित ढाबा संचालकों की बैठक आयोजित, सड़क सुरक्षा को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशानुसार एसडीएम श्री कुलदीप पटेल द्वारा बिछिया क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के किनारे संचालित ढाबा मालिकों की बैठक ली गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राजमार्ग पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना था।
बैठक के दौरान एसडीएम श्री पटेल ने ढाबा संचालकों के साथ सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ढाबों के सामने मुख्य सड़क या राजमार्ग के किनारे वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग न होने दी जाए। वाहनों को खड़ा करने के लिए ढाबा परिसर के भीतर ही पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रात्रि के समय दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ढाबे के प्रवेश और निकास द्वार पर पर्याप्त रोशनी (लाइटिंग) और स्पष्ट रेडियम युक्त संकेतक बोर्ड लगाए जाएं। सुरक्षा की दृष्टि से सभी ढाबा संचालक अपने परिसर और पार्किंग क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं। ढाबा परिसरों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या शराबखोरी को बढ़ावा न दिया जाए।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
22 views | Mandla, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026