कलेक्टर ने खाद वितरण, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सेवा संकल्प अभियान के संबंध में प्रेस कांफ्रेंस में दी जानकारी
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय द्वारा जिले में खाद वितरण व्यवस्था, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सेवा संकल्प अभियान तथा बर्षा के संबंध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर डीएन सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर, उप संचालक कृषि श्री अमित सिंह भदोरिया, उप संचालक जनसंपर्क श्री एस एम सिद्दीकी, उपायुक्त सहकारिता श्रीमती दिव्या नामदेव, प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के ब्यूरो एवं संवाददाता उपस्थित थे।
प्रेस कान्फ्रेंस में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने बताया कि जिले में खरीफ फसल हेतु कृषकों को लक्ष्य अनुरूप पर्याप्त खाद्य उपलब्ध कराई गई है। आगामी रबी फसल हेतु खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जायेगी। जिले की तहसील चंदेरी में डबल लॉक केंद्र की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। उन्होंने जिले को प्राप्त एवं वितरण खाद के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने ई टोकन प्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रेस कान्फ्रेंस में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत जिले में आयोजित शिविरों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरों का आयोजन 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ हुआ। इसके अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को विकासखंड के चयनित ग्राम में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही राज्य सरकार के पोर्टल पर कार्यवाहियां दर्ज की जा रही हैं। सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत साप्ताहिक लंबित प्रकरणों का निराकरण कर जिले को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि इन शिविरों में शासन के निर्देशानुसार जनता से संवाद, उद्यम संवाद तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया जा रहा है। शिविरों में विभिन्न समस्यामूलक आवेदन आवेदकों से प्राप्त होते हैं,इन आवेदनों का निराकरण तत्काल मौके पर ही कराया जाता है। ऐसे आवेदनों जो किसी कारणवश निराकृत नहीं हो सकते हैं, उन पर समय सीमा निर्धारित कर आगामी शिविर में निराकरण कराए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए जाते है।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में अभी तक मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत 04 शिविरों का आयोजन किया जा चुका है,जिसमें विकासखण्ड मुंगावली के ग्राम पंचायत बीड सरकार में, चंदेरी में, अशोकनगर के ग्राम पंचायत कजराई में, ईसागढ़ के ग्राम पंचायत कदवाया में आयोजित किए गए हैं। आगामी 11 सितंबर 2026 को विकासखंड मुंगावली के ग्राम पंचायत खुजराई में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
प्रेस कान्फ्रेंस में कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन जिले में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रभारी मंत्री के अनुमोदन पश्चात कार्य योजना राज्य शासन को प्रेषित की जाएगी। राज्य शासन की स्वीकृति पश्चात जिला स्तर पर उसका क्रियान्वयन किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएगी। जिसमें आशीर्वाद का दिया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, बडनगर से वाराणसी तक संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय एनोवेशन चैलेंज, जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट संबंधी गतिविधियां शामिल होंगी।
कलेक्टर ने जिले में वर्षा की स्थिति के बारे में बताया कि जिले में अभी तक 668 मिमी औसत वर्षा रिकार्ड की गई। पिछले वर्ष इस अवधि तक 1377 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले के 09 तालाब 100 प्रतिशत तक भर पाए हैं। राजघाट डैम में पर्याप्त जल भराव हो चुका है। इस दौरान उन्होंने जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय को रोकने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाकर कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से आव्हान किया कि वे अवैध शराब के संबंध में सूचना कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को दे सकते है, जिसे अभिलंब कार्यवाही की जा सके।
#ashoknagar