पचनदा पहुंचकर डीएम-एसपी ने परखी बाढ़ की तैयारियां
नदियों के जलस्तर का लिया जायजा, फिलहाल स्थिति सामान्य; प्रशासन अलर्ट मोड पर
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शनिवार को पचनदा पहुंचकर नदियों के जलस्तर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि फिलहाल नदियों का जलस्तर सामान्य है और जनपद में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। हालांकि, संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जलस्तर में किसी भी प्रकार की वृद्धि अथवा आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों को तैयार रखने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित सहायता पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने पचनदा क्षेत्र में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। पचनदा सहित संभावित प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
Orai, Jalaun | Aug 29, 2026