बेगूसराय में बदमाशों का आतंक, चोरी करने घुसे 6 अपराधी, ग्रामीणों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग!
बिहार के बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर में बेखौफ बदमाशों का आतंक देखने को मिला है, जहां लूट की नीयत से एक घर में घुसे करीब 6 बदमाशों ने ग्रामीणों की भीड़ जुटते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए
मिली जानकारी के अनुसार, करीब छह बदमाश चोरी की नीयत से एक घर में घुसे थे। इसी दौरान घर में शोर-शराबा होने लगा, जिसके बाद आसपास के लोगों को शक हुआ और धीरे-धीरे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।
भीड़ बढ़ती देख बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई। जब ग्रामीणों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद सभी मौके से भागने लगे।
वहीं, भागने के दौरान बदमाशों के एक घर में छिपने की भी जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है।
ग्रामीणों को आशंका थी कि कुछ बदमाश आसपास के घरों में छिपे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, अब तक बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब सवाल है कि बेगूसराय में आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं कि चोरी की नीयत से घर में घुसने के बाद ग्रामीणों पर गोलियां चलाकर फरार हो जा रहे हैं?