बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ छात्राओं को किया जागरूक
लखीसराय। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के तत्वावधान में रामगढ़ चौक प्रखंड के कस्तूरबा गांधी विद्यालय, नंदनामा में बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम मुक्त भारत एवं बच्चों के प्रति दुर्व्यवहार को लेकर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेंटर डायरेक्ट की कवच परियोजना का तकनीकी सहयोग रहा।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर, पैनल अधिवक्ता रोहिणी दास, सेंटर डायरेक्ट के प्रतिनिधि चंद्रशेखर, विद्यालय की वार्डन प्रीति कुमारी, शिक्षकगण, पीएलवी पंकज भारती, जुली कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।
इस दौरान छात्राओं ने गीत, कविता, नुक्कड़ नाटक और जागरण गीत के माध्यम से बाल विवाह एवं बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। इससे एक दिन पूर्व छात्राओं के बीच कबड्डी प्रतियोगिता, निबंध लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में विजेताओं को सचिव विधानंद सागर ने पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया।
वक्ताओं ने बाल विवाह और बाल श्रम के दुष्परिणामों के साथ इनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। सचिव विधानंद सागर ने कहा कि गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाकर लोगों को बाल विवाह और बाल श्रम से दूर रहने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें मेहनत, लगन और बेहतर भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने हाल ही में एयर होस्टेस के रूप में चयनित एक छात्रा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत भी कराई। सचिव ने छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अंत में विद्यालय की वार्डन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।