शासकीय कमला नेहरू महाविद्यालय में छात्राओं के लिए निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस कैंप आयोजित
==
परिवहन विभाग ने विद्यार्थियों को लाइसेंस प्रक्रिया की दी जानकारी,
==
हेलमेट के प्रति किया जागरूक
==
शासकीय कमला नेहरू महाविद्यालय में परिवहन विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए लर्निंग लाइसेंस बनाने हेतु विशेष कैंप आयोजित किया गया। कैंप दोपहर 12 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें छात्राओं के निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस बनाए गए, जबकि छात्रों से शासन द्वारा निर्धारित 275 रुपए शुल्क लिया गया। कैंप में विद्यार्थियों को लर्निंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं हेलमेट के उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया।
प्राचार्य डॉ. आलोक जैन ने कहा कि कैंप में विद्यार्थियों को परिवहन विभाग के माध्यम से लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिन विद्यार्थियों के लाइसेंस तैयार हो गए, उन्हें उनका वितरण भी किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को यह जानकारी दी गई कि वे अपने मोबाइल के माध्यम से परिवहन पोर्टल पर जाकर स्वयं भी लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। कैंप में विद्यार्थियों को आवेदन की पूरी प्रक्रिया समझाते हुए आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण दिया गया।
टाइम्स कॉलेज की छात्रा तेजस्विनी खरे ने कहा कि कैंप में उनका लर्निंग लाइसेंस निःशुल्क बनाया गया। कैंप में उन्हें मोबाइल से लॉगिन करने से लेकर परिवहन प्लेटफॉर्म पर आवेदन करने तक की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के लिए भी जागरूक किया गया।
बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा ममता लोधी ने निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हेलमेट का उपयोग बेहद जरूरी है और सभी को वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनना चाहिए।
बीएससी की छात्रा लक्ष्मी ठाकुर ने कहा कि कैंप में मोबाइल के माध्यम से लॉगिन कर परिवहन प्लेटफॉर्म पर आधार नंबर दर्ज किया गया, जिसके बाद ओटीपी प्राप्त हुआ और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।
कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को लर्निंग लाइसेंस बनवाने की सुविधा के साथ सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने और हेलमेट के नियमित उपयोग का संदेश भी दिया गया।
#damoh
Damoh, Madhya Pradesh | Aug 12, 2026