विकास योजनाओं की समीक्षा के लिए तिलौथू पहुंचीं डीडीसी आकांक्षा आनंद ने अधिकारियों को बिना वैध निबंधन संचालित नर्सिंग होम एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच कर अविलंब बंद कराने का निर्देश दिया। प्रखंड कार्यालय में समीक्षा बैठक में उन्होंने भारतनेट की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इंटरनेट सेवा शीघ्र बहाल करने, अधूरे प्रधानमंत्री आवास पूर्ण कराने तथा गांवों में नियमित कचरा उठाव व यूजर चार्ज वसूली तेज करने को कहा। किसानों को गरमा धान व मूंगफली की खेती के लिए प्रोत्साहित करने तथा गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष पंजीकरण शिविर लगाने के भी निर्देश दिए। समीक्षा के बाद डीडीसी ने मध्य विद्यालय पतलुका, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया।