12 साल पहले जिस महिला की हत्या में पति-ससुर गए थे जेल, वही गढ़वा में जिंदा मिली
रोहतास जिले में 12 साल पुराने हत्या के एक मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जिस महिला की हत्या का मामला दर्ज होने के बाद उसके पति, ससुर और जेठ समेत अन्य लोगों को जेल जाना पड़ा था, वही महिला अब झारखंड के गढ़वा जिले से जिंदा बरामद हुई है। महिला के जिंदा मिलने के बाद 2014 में नहर से बरामद शव की पहचान पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला डेहरी के बालरति बिगहा दहाउर से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार अगस्त 2014 में मालती देवी (बदला हुआ नाम) अपने रिश्ते के देवर के साथ घर से लापता हो गई थी। इसके बाद 22 अगस्त को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खंडा गांव के पास नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ था। महिला के भाई ने शव की पहचान अपनी बहन के रूप में की थी।
इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर महिला के पति, ससुर, जेठ समेत आठ लोगों को आरोपी बनाया गया। पुलिस ने पति, ससुर और जेठ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया था।
अब करीब 12 साल बाद पुलिस को जानकारी मिली कि महिला अपना नाम बदलकर झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के लभारी गांव में रह रही है। सूचना पर रोहतास पुलिस की टीम गढ़वा पहुंची और महिला को सकुशल बरामद कर रोहतास लाई। शुक्रवार को उसे सासाराम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
रोहतास एसपी राज ने बताया कि महिला को बरामद कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले को गुमराह करने के आरोप में महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि 12 साल पहले नहर से बरामद वह शव आखिर किस महिला का था।