Public App Logo
Profile Picture

Rohtas

@rohtasdistrict
614Followers
14Following
रोहतास जिले में गुप्ताधाम जाने वाले रास्ते में एक झरने में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी-लालापुर गांव निवासी 18 वर्षीय पुत्र निक्की कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि निक्की अपने दोस्तों के साथ गुप्ताधाम घूमने आया था। गुप्ताधाम रास्ते में स्थित झरने में स्नान करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। युवक के डूबने पर उसके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मांझर कुंड में 20 जुलाई तक नो एंट्री, विशेष सफाई अभियान  चलेगा। विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम को विकसित किया जाएगा। सेंचुरी क्षेत्र में पिकनिक व खाना बनाने पर पूरी तरह रोक।

<nis:link nis:type=tag nis:id=rohtasdistrict nis:value=rohtasdistrict nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=manjharkund nis:value=manjharkund nis:enabled=true nis:link/>
सासाराम के पायलट बाबा धाम में रविवार को निःशुल्क न्यूरो स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वारंगल के प्रख्यात न्यूरो फिजिशियन डॉ. ओमप्रकाश और हैदराबाद के न्यूरो सर्जन डॉ. श्रीचरण ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। साथ ही आवश्यक दवाईयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। इस दौरान हिन्दू जागरण मंच के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। 
डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि अपने गृह जिले में नि:शुल्क सेवा देना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि तनाव, अनियमित दिनचर्या और प्रकृति से दूरी के कारण न्यूरो संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, योग, ध्यान और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।
सासाराम नगर थाना क्षेत्र में लालगंज के समीप सोन उच्च स्तरीय नहर में डूबी बुजुर्ग महिला जिअच्छा देवी का शव करीब म  घंटे बाद रविवार को बरामद किया गया। शव नहर में घटनास्थल से लगभग 500 मीटर आगे एक पुल के नीचे फंसा हुआ मिला। एसडीआरएफ की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
रोहतास के प्रसिद्ध मांझर कुंड झरना क्षेत्र में रविवार को डीएम दीपक कुमार मिश्र, एसपी रौशन कुमार एवं डीएफओ स्टालिन फिडल कुमार ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मांझर कुंड में लोगों द्वारा फैलाई गई गंदगी पर नाराजगी जताते हुए कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने और गैस चूल्हा का उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। वन क्षेत्र से गैस सिलेंडर भी बरामद हुआ, जिसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएफओ ने बताया कि मांझर कुंड प्रवेश चेक नाका पर आने-जाने वाले लोगों की नियमित जांच की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को देखते हुए मांझर कुंड में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों के प्रवेश पर एक सप्ताह के लिए अस्थायी रोक रहेगी। साफ-साफई पूरी होने के बाद ही लोगों के लिए प्रवेश दोबारा शुरू किया जाएगा।
रोहतास जिले के मांझर कुंड में डीएम-एसपी व डीएफओ का निरीक्षण, गंदगी फैलाने पर सख्त चेतावनी। विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान यहां करीब एक सप्ताह तक लोगों के प्रवेश पर रहेगी रोक।
नौहट्टा के महादेव खोह में प्रकृति का अनुपम सौंदर्य, कम बारिश के बीच भी झरने और हरियाली ने बनाया मनमोहक दृश्य।

<nis:link nis:type=tag nis:id=rohtasdistrict nis:value=rohtasdistrict nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=bihar nis:value=bihar nis:enabled=true nis:link/>
नगर पंचायत रोहतास में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से विकास कार्य ठप रहने का मामला सामने आया है। इसे लेकर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद सुम्बुल आरा ने शनिवार को सासाराम स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम दीपक कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी पर उदासीनता और लापरवाही का आरोप लगाया है। ज्ञापन में पेयजल, जलजमाव, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति का उल्लेख किया गया।
रोहतास जिले के नोखा नगर परिषद के कृष्णापुर की बेटी अनुप्रिया भारतीय सेना की मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट पद पर कमीशंड हुई हैं। रंजीत सिंह एवं शशि बला कुमारी की पुत्री अनुप्रिया ने आर्मी मेडिकल कॉलेज, पुणे से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। पासिंग आउट परेड में उन्हें भारतीय सेना के मेडिकल अधिकारी के रूप में कमीशन प्रदान किया गया। अब वे एक वर्ष तक मिलिट्री हॉस्पिटल, चंडीगढ़ में इंटर्नशिप करेंगी। जिसके बाद भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट डॉक्टर के पद पर अपनी सेवाएं देंगी और सैनिकों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाएंगी।
रोहतास जिले के लोगों को न्यूरो संबंधी बीमारियों के बेहतर उपचार और विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कल जुलाई को सुबह 8 बजे से सासाराम स्थित पायलट बाबा धाम में नि:शुल्क न्यूरो सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विशेषज्ञ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. ओमप्रकाश द्वारा नि:शुल्क जांच, परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। मरीजों से पूर्व की जांच रिपोर्ट व दवाइयों का विवरण साथ लाने की अपील की गई है। इसके साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा।
रोहतास जिले के गुप्ताधाम में सावन मेले की तैयारियों के तहत शनिवार को पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पहली बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मंदिर परिसर व मुख्य मार्ग पर वर्षों से लगी 16 अवैध दुकानों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। सभी चिन्हित दुकानों को अन्य जगह शिफ्ट किया गया है। इस बार भक्तों की सुविधा के लिए पुरुष और महिला भक्तों की अलग-अलग कतार बनाकर गुप्ताधाम गुफा में प्रवेश कराया जाएगा।
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को रोहतास जिले में मिशन परिवार विकास अभियान एवं परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा की शुरुआत हुई। कलेक्ट्रेट परिसर से डीएम दीपक कुमार मिश्र ने जीएनएम स्कूल की छात्राओं और आशा कार्यकर्ताओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के तहत 11 से 31 जुलाई तक जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान योग्य दंपतियों को अस्थायी व स्थायी परिवार नियोजन साधनों के प्रति जागरूक करने के साथ प्रोत्साहन राशि का भी लाभ दिया जाएगा।
सासाराम नगर थाना क्षेत्र के लालगंज स्थित नहर में शनिवार की सुबह एक बुजुर्ग महिला के डूबने की आशंका से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। लापता महिला की पहचान 76 वर्षीय जिअच्छा देवी, पत्नी रामप्रताप कमलेश के रूप में हुई है।
सासाराम के पायलट बाबा धाम में 12 जुलाई को नि:शुल्क न्यूरो सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में न्यूरो से संबंधित बीमारियों से पीड़ित मरीजों को नि:शुल्क जांच, परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में प्रख्यात न्यूरोलॉजिस्ट डॉ ओमप्रकाश आएंगे।
सावन मेले से पहले गुप्ता धाम पहुंचे रोहतास के डीएम-एसपी, सुरक्षा व भक्तों की सुविधाओं का लिया जायजा। चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक, गुफा में लाइन बनाकर कराया जाएगा प्रवेश।

<nis:link nis:type=tag nis:id=rohtasdistrict nis:value=rohtasdistrict nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=guptadham nis:value=guptadham nis:enabled=true nis:link/>
रोहतास जिले के डालमियानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 6 वर्ष पूर्व एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या मामले में शुक्रवार को अदालत ने दोषी बलिराम सिंह को फांसी की सजा सुनाई। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सात) अरविंद ने सजा सुनाते हुए दोषी पर 1.10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। यह घटना 15 नवंबर 2020 की है, जब आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी। शव के टुकड़े कर बक्से में छिपा दिए गए थे, जिन्हें पुलिस ने तलाशी के दौरान बरामद किया था। अभियोजन पक्ष की ओर से 11 गवाहों की गवाही और पुलिस के साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया और शुक्रवार को फांसी की सजा सुनाई।
रोहतास में डीएम दीपक कुमार मिश्र ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति एवं गुणवत्ता की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल आवेदनों का निस्तारण पर्याप्त नहीं, बल्कि उसका संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 9,382 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 8,128 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 967 मामले लंबित हैं।
रोहतास जिले में समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में शुक्रवार को डीएम दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में सबका सम्मान-जीवन आसान के तहत जनता दरबार आयोजित हुआ। इस दौरान भूमि विवाद, अतिक्रमण, सिंचाई, भू-अर्जन, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न मामलों से जुड़े कुल 175 आवेदन प्राप्त हुए। डीएम ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा के बढ़ते निजीकरण मामले के विरोध में सासाराम में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने पोस्ट ऑफिस चौराहा पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारी ने हाथों में तख्तियां लिए हुए थे, जिनमें नीट परीक्षा में धांधली की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई थी।
बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत जून 2026 की पेंशन राशि शुक्रवार को डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। रोहतास जिले के 2 लाख 91 हजार 361 लाभार्थियों के खातों में 40 करोड़ 91 लाख 99 हजार 100 रुपये करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में आयोजित लाइव कार्यक्रम में डीएम दीपक कुमार मिश्र, विभिन्न पेंशन योजनाओं के 50 लाभार्थी एवं संबंधित अधिकारी शामिल हुए। जिला प्रशासन ने लाभार्थियों से बैंक खाता एवं आधार विवरण अपडेट रखने की अपील की है।
रोहतास जिले में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित अवर निरीक्षक (उत्पाद एवं मद्य निषेध) प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 12 जुलाई को जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर 12,120 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक पाली में आयोजित होगी, जबकि सभी अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम दीपक कुमार मिश्र और एसपी रौशन कुमार ने दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा गया कि कदाचार में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी अभ्यर्थी या अन्य व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोचस नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में शुक्रवार को मुख्य पार्षद शबनम परवीन की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर के विकास और अतिक्रमण जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में नगर प्रशासन और पुलिस पर मुख्य सड़कों से अतिक्रमण नहीं हटाने का आरोप लगा। सदस्यों ने कहा कि नगर प्रशासन और स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता के कारण शहर से गुजरने वाले एनएच-319 और स्टेट हाईवे-17 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। सदन में उठे मुद्दे पर मुख्य पार्षद ने नगर प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर दोनों प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया। साथ ही इस मुद्दे पर व्यापक रणनीति बनाने के लिए मंगलवार को प्रखंड कार्यालय के सभाकक्ष में नगर एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक करने का निर्णय लिया गया है।
चेनारी में पंजाब नेशनल बैंक मल्हीपुर के पास शुक्रवार शाम बिजली की मरम्मत के दौरान करंट लगने से बिजली मिस्त्री मनीष कुमार चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। शटडाउन लिए जाने के बावजूद अचानक करंट आने से वह पोल से नीचे गिर पड़े। उन्हें तत्काल चेनारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।
भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण के अधीन संरक्षित स्मारकों के 100 मीटर प्रतिषिद्ध एवं 300 मीटर विनियमित क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण को लेकर गुरुवार को रोहतास डीएम दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एएसआई सासाराम उप-मंडल के प्रभारी ने शेरशाह सूरी मकबरा के प्रतिषिद्ध क्षेत्र में किए जा रहे अवैध निर्माण तथा विनियमित क्षेत्र में बिना पूर्व अनुमति के संचालित अनाधिकृत निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों की जानकारी भी दी गई। डीएम ने एएसआई के साथ समन्वय बनाकर अवैध एवं अनाधिकृत निर्माण पर तत्काल रोक लगाने, सतत निगरानी रखने और उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए।
रोहतास जिले के कोचस में महात्मा गांधी चौक के समीप दुर्घटना में किशोर के मौत के विरुद्ध सड़क जाम के दौरान खड़े एक ट्रक में हलचल होने के संदेह पर जांच के दौरान तस्करी के लिए ले जाया जा एक दर्जन से अधिक मवेशी बरामद किया गया है। बताया जाता है कि सड़क जाम के दौरान एक खड़ा ट्रक जो त्रिपाल से ढंका था। जिसमें छटपटाहट व हलचल से लोगों को संदेह हो गया। लोगों ने त्रिपाल को हटा कर देखा तो करीब एक दर्जन अधिक भैंस ले जाया जा रहा था। लोगों को आक्रोशित होते देख चालक और खलासी फरार हो गए। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया। एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि मवेशियों से भरा ट्रक बिक्रमगंज से कानपुर जा रहा था। बीएनएस और राज्य के विशेष मवेशी संरक्षण व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत ट्रक मालिक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा रही है। मवेशियों को गौशाला में भेजा गया है।