सदर अस्पताल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे ली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी
सासाराम। जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा ने सदर अस्पताल, सासाराम का औचक निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सकीय सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मॉडल अस्पताल, इमरजेंसी कक्ष, मातृ-शिशु वार्ड समेत विभिन्न विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया और चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने अस्पताल में तीनों शिफ्ट के अनुसार चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवकाश पर रहने वाले चिकित्सक के स्थान पर ड्यूटी करने वाले चिकित्सक का नाम भी रोस्टर में दर्ज किया जाए। साथ ही सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता और उनके उचित रख-रखाव को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को इलाज, जांच और दवा वितरण समेत सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा मरीजों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अस्पताल की साफ-सफाई को लेकर डीपीएम, जीविका को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं, अस्पताल परिसर में ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए भी दिशा-निर्देश दिया गया।
मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पुष्कर कुमार समेत अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।