
दिवाली से पहले लखनऊ आने का हवाई सफर महंगा, कई शहरों से किराया 20 हजार के पार
.
#लखनऊ। दीवाली से पहले लखनऊ आने वाली फ्लाइटों में यात्रियों की बढ़ती मांग के बीच हवाई किराए में भी तेजी देखने को मिल रही है। 6 नवंबर को लखनऊ आने वाली उड़ानों में सीटों को लेकर मारामारी के चलते कई रूटों पर किराया 20 हजार रुपये के पार पहुंच गया है।
मुंबई से लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 677 का किराया 23,753 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि 6E 643 का किराया 21,443 रुपये बताया जा रहा है। इसी तरह बेंगलुरु से लखनऊ का हवाई किराया 20,538 रुपये तक पहुंच गया है। पुणे-लखनऊ फ्लाइट का किराया भी 20 हजार रुपये के पार बताया जा रहा है। चेन्नई से लखनऊ आने के लिए यात्रियों को 18,833 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
वहीं हैदराबाद से लखनऊ का विमान किराया भी 13,199 रुपये तक पहुंच गया है। दिवाली से पहले बड़ी संख्या में लोगों के लखनऊ पहुंचने के कारण फ्लाइटों में सीटों की मांग बढ़ी है, जिसका असर किराए पर दिखाई दे रहा है। यात्रियों के लिए त्योहारी सीजन में हवाई सफर का खर्च बढ़ने से परेशानी बढ़ सकती है।
#TheTelecast | H. Shyam Bajpai
Hardoi, Hardoi | Sep 13, 2026