होटल में चल रहा था देह व्यापार! 4 नाबालिग रेस्क्यू, संचालक समेत 4 गिरफ्तार
मोतिहारी। छतौनी थाना क्षेत्र के बैंक रोड स्थित विद्याराज होटल में पुलिस ने बुधवार को छापेमारी कर कथित देह व्यापार के मामले का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान होटल से चार नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि होटल संचालक समेत चार युवकों को हिरासत में लिया गया है।
बताया गया कि पुलिस को होटल में अवैध गतिविधियां संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सदर डीएसपी दिलीप कुमार और सदर एसडीओ अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने होटल की घेराबंदी कर कमरों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान चार नाबालिग लड़कियां मिलीं, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के अनुसार, होटल संचालक राजीव कुमार गुप्ता समेत आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में नाबालिगों को कौन ला रहा था और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। मामले में सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।