
भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत; 3 गंभीर रूप से घायल
बिहार के औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (जीटी रोड) पर गुरुवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी राजकुमार चौहान अपने परिवार के साथ मुंबई से घर लौट रहे थे। परिवार पहले ट्रेन से वाराणसी पहुंचा था। इसके बाद स्कॉर्पियो से अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान औरंगाबाद में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी।
हादसे में राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और उनके ससुर भगवान दास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है। मुंबई से घर लौट रहे परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं।
#Aurangabad #BiharNews