
छपरा जंक्शन पर ट्रेन से 10 किलो गांजा बरामद, RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई
छपरा। छपरा जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेल पुलिस (GRP) और अपराध खुफिया शाखा (CIB) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन से करीब 10 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5.07 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, 15715 किशनगंज-अजमेर गरीब नवाज एक्सप्रेस करीब 5:15 बजे छपरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि ट्रेन के A-1 कोच में सीट संख्या 43 और 44 के नीचे एक पिट्ठू बैग में मादक पदार्थ रखा गया है।
सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने संबंधित कोच की तलाशी ली। ड्यूटी पर तैनात टीटी द्वारा एक लावारिस पिट्ठू बैग टीम को सौंपा गया। बैग की जांच करने पर अलग-अलग पैकेट में मादक पदार्थ बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद बैग को RPF पोस्ट लाया गया, जहां डिजिटल तराजू से वजन करने पर कुल 10.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5,07,000 रुपये आंकी गई है।
रेल पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा ट्रेन में किसने रखा था और इसे कहां से लाया तथा कहां ले जाया जा रहा था। मामले की जांच के लिए CCTV फुटेज, यात्रियों से पूछताछ और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। बरामद गांजे के संबंध में GRP छपरा द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छपरा से न्यूज़ रिपोर्ट।
Rahui, Nalanda | Aug 22, 2026