#नालंदा - नर्सिंग कॉलेज में रिजल्ट को लेकर बवाल, छात्र-गार्ड भिड़े; मारपीट में छात्रा का सिर फटा, चार हिरासत में
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहुई - भागन बिगहा थाना क्षेत्र स्थित गौतम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिक संस्थान में शुक्रवार को बीएससी नर्सिंग सत्र 2024-28 के प्रथम सेमेस्टर के रिजल्ट को लेकर जमकर हंगामा हो गया। रिजल्ट से असंतुष्ट सैकड़ों छात्र-छात्राएं अपनी समस्या लेकर संस्थान पहुंचे थे। इसी दौरान छात्र-छात्राओं और संस्थान के सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और कॉलेज परिसर कुछ देर के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। मारपीट में एक छात्रा के सिर में चोट लगने से वह घायल हो गई।
बताया जाता है कि छात्र-छात्राएं प्रथम सेमेस्टर के रिजल्ट को लेकर संस्थान के प्रबंधन से बातचीत करना चाहते थे। छात्रों का आरोप है कि जब वे अपनी समस्या रखने के लिए संस्थान के अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी मुख्य गेट बंद कर उसमें ताला लगा दिया गया। छात्र-छात्राएं काफी देर तक अंदर जाने की अनुमति देने की मांग करते रहे। इसी दौरान गेट पर मौजूद सुरक्षा गार्डों से उनकी कहासुनी शुरू हो गई।
छात्र-छात्राओं का आरोप है कि विवाद के दौरान एक सुरक्षा गार्ड ने एक छात्रा के साथ हॉकी से मारपीट कर दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी। छात्रा को घायल देखकर मौके पर मौजूद अन्य छात्राएं आक्रोशित हो गईं और गार्डों से उलझ गईं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। छात्रों का आरोप है कि सुरक्षा गार्डों ने छात्र-छात्राओं के साथ बांस आदि से भी मारपीट की।
इसी बीच संस्थान में तैनात बाउंसर भी मौके पर पहुंच गए। छात्रों का आरोप है कि बाउंसरों ने भी छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। छात्रों का यह भी आरोप है कि एक बाउंसर ने बाहर से कुछ लोगों को बुला लिया, जिसके बाद कैंपस में हंगामा और बढ़ गया। घटना के दौरान छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मारपीट की सूचना मिलते ही भागन बिगहा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से दो सुरक्षा गार्ड, एक बाउंसर और एक बाउंसर के भाई समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज कराया गया।
घटना के बाद छात्र-छात्राओं में संस्थान के सुरक्षा कर्मियों और बाउंसरों के खिलाफ काफी आक्रोश है। छात्राओं ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस घटना के दौरान हुई मारपीट की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।