
बाल दिवस और छठ के खरना पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, अब तक लगा चुके हैं 1.26 लाख पौधे
लखीसराय। बाल दिवस, पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती और लोक आस्था के महापर्व छठ के खरना के पावन अवसर पर पर्यावरण भारती की ओर से पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी संजीव कश्यप ने किया।
इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण भारती वर्ष 2008 से लगातार पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान चला रही है। महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि, वर्षगांठ, उपनयन संस्कार और विवाह जैसे शुभ अवसरों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज की सज्जन शक्ति को जागरूक कर पौधारोपण अभियान से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए प्रत्येक व्यक्ति के हिस्से में 422 पेड़ होने चाहिए, जबकि भारत जैसे विकासशील देश में वर्तमान में प्रति व्यक्ति लगभग 28 पेड़ ही उपलब्ध हैं। पेड़ों की कमी के कारण प्राकृतिक ऑक्सीजन का संकट और प्राकृतिक आपदाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति तथा समुद्री चक्रवातों से जनजीवन पर पड़ रहे प्रभाव चिंता का विषय हैं। पर्यावरणीय संकट से बचाव के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाना जरूरी है।
राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि पर्यावरण भारती की ओर से अब तक कुल 1,26,153 पौधे लगाए जा चुके हैं। संस्था ने भविष्य में पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
वहीं, पर्यावरणविद् शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। उनका जन्म 14 नवंबर 1889 को प्रयागराज में हुआ था। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने। उनकी प्रसिद्ध पुस्तक 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' है। वर्ष 1955 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्कर्ष कुमार ने छठ महापर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज छठ व्रत का दूसरा दिन खरना है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठव्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास रखते हैं। छठ लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति की उपासना का महान पर्व है।
पौधारोपण कार्यक्रम में संजीव कश्यप, अक्षत आनंद, आदित्य आनंद, उत्कर्ष कुमार, सिद्धार्थ कुमार एवं राम बिलास शाण्डिल्य सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।