तीन दिनों में शेष 28 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण पूरा करने का निर्देश
जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में राशन वितरण, धान अधिप्राप्ति और पीएनजी गैस कनेक्शन की हुई समीक्षा
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को बालगुदर स्थित संग्रहालय में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण, राशन कार्ड निर्माण, ई-केवाईसी, खाद्यान्न उठाव, मध्याह्न भोजन, पोषाहार वितरण, धान अधिप्राप्ति और पीएनजी गैस कनेक्शन सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि नवंबर माह में 78 प्रतिशत पोषाहार वितरण पूरा कर लिया गया है। इस पर डीएम ने शेष तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, खाद्यान्न वितरण में शेष 28 प्रतिशत कार्य को भी आगामी तीन दिनों में पूरा करने को कहा गया। उन्होंने एसएफसी को खाद्यान्न उठाव एवं वितरण का दैनिक प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।