एनीमिया से मातृ मृत्यु पर डीएम गंभीर, सभी गर्भवती महिलाओं की होगी हीमोग्लोबिन और शुगर जांच
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में बड़हिया में अल्ट्रासाउंड सेवा शीघ्र शुरू करने और 22 नवंबर से पोलियो अभियान चलाने का निर्देश
लखीसराय। अटल कला भवन में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ मृत्यु, एनीमिया नियंत्रण, स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपस्थिति और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में एनीमिया के कारण हुई मातृ मृत्यु के मामलों पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन एवं ब्लड शुगर जांच सुनिश्चित कराने तथा जांच का समेकित प्रतिवेदन जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। गंभीर रूप से एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी, समुचित उपचार और नियमित फॉलोअप पर भी जोर दिया।