हरदोई: चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव गांव के बाहर बाग में मिला, लापता होने के दो दिन बाद बरामद हुआ शव
लोनार थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव की घटना, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने दी जानकारी, घटना के खुलासे में जुटी पुलिस टीमें
हरदोई जनपद के थाना लोनार क्षेत्र के ग्राम कमालपुर में चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव गांव के बाहर बाग में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची 13 नवंबर को घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण से संबंधित मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कमालपुर निवासी ध्यान सिंह पुत्र रामरतन ने 13 नवंबर 2026 को थाना लोनार में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनकी चार वर्षीय पुत्री घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इस संबंध में थाना लोनार पर मु0अ0सं0 270/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एवं क्षेत्राधिकारी हरपालपुर के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित कर बच्ची की सकुशल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे थे। लेकिन रविवार 15 नवंबर को गांव के बाहर स्थित एक बाग में मासूम का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक हरदोई अशोक कुमार मीणा ने मामले के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। फिलहाल बच्ची की मौत के कारणों और घटना के पीछे की परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
मासूम की मौत से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
Hardoi, Hardoi | Nov 15, 2026