हरदोई मंडी की कतार में पहले लगने को लेकर पिकअप चालक ने ट्रैक्टर चालक को जमकर पीटा सरिया लेकर दौड़ाया
हरदोई। शहर कोतवाली के मंडी चौकी क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी पानी की टंकी चौराहे पर गल्ला मंडी में धान बेचने की कतार में लगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पिकअप चालक और उसके साथियों ने मिलकर एक ट्रैक्टर चालक की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान पिकअप चालक सरिया निकालकर ट्रैक्टर चालक को मारने के लिए दौड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय चौराहे पर पुलिस नदारद रही।
धान की आवक से शहर में भीषण जाम
इन दिनों गल्ला मंडी में धान की फसल बेचने के लिए बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप लेकर पहुंच रहे हैं। वाहनों की भारी भीड़ के कारण लखनऊ चुंगी से लेकर रेलवे स्टेशन मार्ग तक भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। मुख्य मार्गों के जाम होने से आवास विकास कॉलोनी की अंदरूनी सड़कें भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पूरी तरह भरी पड़ी हैं।
लाइन में आगे लगने की होड़ में हो रहा विवाद मंडी में अपनी उपज पहले तौलवाने और लाइन में आगे लगने की जल्दबाजी में वाहन चालकों और किसानों के बीच आए दिन कहासुनी और मारपीट की नौबत आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़ और जाम के बावजूद प्रमुख चौराहों पर यातायात और चौकी पुलिस की तैनाती न होने से हालात बेकाबू हो रहे हैं।
Hardoi, Hardoi | Nov 15, 2026