
ईवीएम में कैद पार्षदों की किस्मत, अब 14 को खुलेगा जीत-हार का राज!
नगर निगम की मतगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट, 88 कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण; एक-एक वोट पर रहेगी पैनी नजर
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) नगर निगम चुनाव में मतदान के बाद अब नतीजों की घड़ी नजदीक आ गई है। ईवीएम में बंद पार्षद प्रत्याशियों की किस्मत 14 सितंबर को खुलेगी। इससे पहले प्रशासन ने मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को नगर निगम टाउन हॉल में 88 मतगणना कार्मिकों को गहन प्रशिक्षण दिया गया।
मतगणना के दौरान किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश नहीं रहे, इसके लिए 33 मतगणना पर्यवेक्षक और 33 मतगणना सहायक लगाए गए हैं। इनके साथ 6-6 कार्मिक आरक्षित रखे गए हैं, जबकि आरओ-एआरओ टेबल पर सहयोग के लिए 10 कार्मिक नियुक्त किए गए हैं।
एक-एक वोट पर नजर, प्रक्रिया में जरा भी चूक नहीं
प्रशिक्षण में ईवीएम से मतगणना की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से समझाया गया। अधिकारियों ने कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, आवश्यक सावधानियों और मतगणना से जुड़े दायित्वों की जानकारी दी। ईवीएम खुलने से लेकर परिणाम दर्ज होने तक हर कदम निर्धारित प्रक्रिया के तहत उठाने के निर्देश दिए गए।
कार्मिकों को ईवीएम संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने साफ किया कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित नियमों के अनुसार होनी चाहिए।
प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ीं
मतदान के बाद अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की निगाहें मतगणना पर टिक गई हैं। किस वार्ड में किसका पलड़ा भारी रहा और किसके दावे हवा साबित होंगे, इसका फैसला ईवीएम खुलने के साथ होगा। 14 सितंबर की मतगणना शहर की नई राजनीतिक तस्वीर तय करेगी।
प्रशिक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त कलक्टर श्रीमती प्रतिभा देवटिया, सहायक रिटर्निंग अधिकारी प्रमोद सीरवी, प्रशिक्षण शाखा से नारायण जागेटिया सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।