*पीथास में फिर छत पर बरसे पत्थर, ग्रामीणों में दहशत*
*दो दिन में दूसरी घटना से ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने किया मौका मुआयना*
पीथास:बृजमोहन सुवालका
पीथास। बागोर थाना क्षेत्र के पीथास गांव में मकानों पर पत्थर फेंकने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछली घटना को अभी दो दिन भी नहीं हुए थे कि शनिवार रात करीब 11 बजे हिम्मत सुवालका पुत्र स्वर्गीय सोहन लाल सुवालका के मकान की छत पर अज्ञात लोगों ने फिर पत्थर फेंके। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना हिम्मत सुवालका के पुत्र लक्की सुवालका ने बागोर थाने में फोन कर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बागोर पुलिस पीथास पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के मकानों की छतों पर जाकर भी जांच-पड़ताल की तथा संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। खास बात यह रही कि जिस समय पत्थरबाजी की घटना हुई, उस दौरान गांव की बिजली भी चालू थी। इसके बावजूद मकान की छत पर पत्थर फेंके जाने की घटना से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ज्ञात रहे कि दो दिन पहले भी अज्ञात लोगों द्वारा गोपाल चौबे पुत्र स्वर्गीय गणपत चौबे तथा हिम्मत सुवालका पुत्र स्वर्गीय सोहन लाल सुवालका के मकानों पर पत्थर फेंके गए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर पत्थरबाजी करने वालों का जल्द पता लगाने तथा उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।ग्रामीणों ने बताया कि यदि ऐसी घटनाओं पर शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया तो उन्हें आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होना पड़ेगा l ग्रामीणों ने रात्रि के समय पुलिस गश्त बढ़ाने तथा गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है।