
टेनी में किसानों की महापंचायत, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
#हरदोई। हरियावां विकासखंड के ग्राम टेनी में किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित महापंचायत में किसानों ने एकजुट होकर आवाज उठाई। राजस्व अभिलेखों की ऑनलाइन फीडिंग में देरी, जर्जर सड़कें, जलभराव, बिजली संकट, फसल नुकसान का मुआवजा और धान खरीद में कथित अनियमितताओं सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। किसानों ने 11 सूत्रीय मांगपत्र तहसीलदार को सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा ने कहा कि चकबंदी निरस्त होने के बाद भी ग्राम टेनी के राजस्व अभिलेखों की ऑनलाइन फीडिंग लंबित है। इससे किसानों को खतौनी मिलने में परेशानी हो रही है और धान बिक्री प्रभावित हो रही है। उन्होंने 10 दिन के भीतर फीडिंग पूरी कराने की मांग की।
महापंचायत में टेनी के पुल से पंचायत भवन तक जर्जर मार्ग, टेनी नहर पुल से मझिगवां जाने वाले कच्चे रास्ते और
गोपामऊ-इटौली मार्ग के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। अंतियापुरवा और चेत्ता पुरवा में विद्युतीकरण तथा कल्याणी गांव में लो वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी की गई।
किसानों ने अछुआपुर धान क्रय केंद्र पर बिचौलियों के कथित प्रभाव पर नाराजगी जताते हुए पारदर्शी खरीद और सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की। वहीं, असमय बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने तथा जर्जर विद्यालय भवन का नवीनीकरण कराने की मांग भी उठाई गई।
जिला अध्यक्ष राहुल मिश्रा, तहसील अध्यक्ष अभिषेक कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष बुद्ध प्रकाश गौतम और प्रदेश महासचिव श्यामू शुक्ला ने विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए संबंधित विभागों से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने पिहानी-गोपामऊ मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया और अनदेखी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, प्रदेश अध्यक्ष युवा दिगंबर सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रंधावा, कुलवंत जोशन, मोहन तिवारी, शिवप्रताप सिंह, अमिताभ सिंह, रफ्फन खान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
#रिपोर्ट:विनय गुप्ता/द टेलीकास्ट न्यूज
Hardoi, Hardoi | Oct 20, 2026